
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में फाजिलनगर ओवरब्रिज और फ्लाईओवर पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई गई। एडीएम एफआर ने एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, आरटीओ और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर क्षेत्र का सुरक्षा ऑडिट कराने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।जलभराव वाले क्षेत्रों और संवेदनशील मोड़ों पर तत्काल बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि हादसों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। पुलिस विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत लगातार कार्रवाई के चलते जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 22 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई है। वर्तमान में 08 विशेष सीसी टीमें 24 घंटे निगरानी कर रही हैं।स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर आरटीओ विभाग ने अनफिट एवं नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहने की जानकारी दी। शिक्षा विभाग के सहयोग से शुरू किए गए ‘ISBMP’ पोर्टल पर सभी स्कूली वाहनों का डेटा अपलोड कर ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। फिटनेस समाप्त होने पर तत्काल डिजिटल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।बैठक में चिकित्सा विभाग ने बताया कि ब्लैक स्पॉट्स और संवेदनशील स्थलों के पास एम्बुलेंस तैनात कर दी गई हैं, ताकि दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में घायलों को त्वरित उपचार मिल सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।