
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के बांगरमऊ नगर पालिका क्षेत्र में सड़क निर्माण न होने से नाराज सभासद ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड की सड़क लंबे समय से न बनने पर सभासद हरिओम तिवारी ने अधिशासी अधिकारी (EO) के कार्यालय पहुंचकर पहले अधिकारियों से गुहार लगाई और फिर दंडवत होकर विरोध जताया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, करीब चार महीने से वार्ड में सड़क निर्माण कार्य रुका हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर सभासद ने जनता की भावनाओं को सामने रखते हुए यह कदम उठाया।EO गुंजन सिंह के कार्यालय में पहुंचे सभासद ने हाथ जोड़कर पहले निवेदन किया और फिर दंडवत होकर सड़क निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि जब न तो पालिका अध्यक्ष सुन रहे हैं और न ही अधिकारी, तो आखिर जनता जाए तो जाए कहां।वायरल वीडियो में सभासद भावुक होकर अधिकारियों से जल्द सड़क निर्माण की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं और मामला प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।