
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के एमडी रोड पर एक कॉलेज के सामने बीच सड़क पर बनी मजार को मंगलवार को प्रशासन ने हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया। सुबह प्रशासन की टीम बुलडोजर और अन्य संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर यातायात को कुछ समय के लिए रोक दिया गया।प्रशासन की टीम ने बुलडोजर की मदद से मजार के आसपास की जगह की खुदाई कराई और सावधानी से मजार को हटाकर पास के ईदगाह परिसर में स्थानांतरित कर दिया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी तरह की स्थिति न बने।बताया जा रहा है कि सड़क के बीच बनी इस मजार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक हिंदूवादी नेता की ओर से अदालत में वाद दायर कर दावा किया गया था कि मजार के कारण सड़क पर जाम की समस्या रहती है और हादसों का खतरा भी बना रहता है।मामले की जांच के बाद प्रशासन ने शिकायतों को सही पाया। इसके बाद दोनों पक्षों के साथ बैठक कर सहमति बनाई गई और मजार को दूसरी जगह शिफ्ट करने का फैसला लिया गया।19 जनवरी 2026 को योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने अदालत में वाद दायर कर सड़क के बीच स्थित मजारों को हटाने की मांग की थी। अदालत ने प्रशासनिक अधिकारियों से जवाब मांगा था, जिसके बाद तीन सदस्यीय समिति बनाकर जांच कराई गई।जांच में सामने आया कि एक मजार की वजह से यातायात प्रभावित हो रहा था, जबकि दूसरी मजार से ऐसी कोई समस्या नहीं थी। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने संबंधित पक्षों से बातचीत की और सहमति के बाद कार्रवाई की गई।इतिहासकारों के अनुसार यह मजार मुगल काल से जुड़ी मानी जाती है और इसकी उम्र करीब 250 साल बताई जाती है। वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई को जनहित में बताया, जबकि कुछ लोगों ने मजार को हटाने पर आपत्ति भी जताई।एडीसीपी अपराध हिमांशु गौरव ने बताया कि सड़क पर स्थित मजार के कारण यातायात और एंबुलेंस आवागमन प्रभावित हो रहा था। सभी पक्षों की सहमति के बाद इसे दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया है।