news-details

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की पुष्टि, नोटिस के बाद होगी कार्रवाई

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS नवाबगंज नगर पंचायत क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हुए कथित अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। नवाबगंज थाने के पास स्थित गाटा संख्या 820 की राजस्व विभाग द्वारा कराई गई पैमाइश में भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई है। जांच के दौरान सरकारी जमीन पर बनी कई दुकानें और टीन शेड पाए गए, जिन्हें अवैध निर्माण माना गया है। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर शुरू हुई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर व्यावसायिक उपयोग के लिए निर्माण कर लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने अभिलेखों की जांच और मौके का निरीक्षण किया। राजस्व अधिकारियों के अनुसार संबंधित भूमि पूरी तरह सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है। अब नगर पंचायत को अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यदि निर्धारित समय में कब्जाधारी स्वयं जमीन खाली नहीं करते हैं, तो नियमानुसार ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।