
Pardarshi Vikas News Lalitpur
गांधीनगर नई बस्ती (वार्ड-4) में नगर पालिका परिषद द्वारा स्थापित सरकारी आरओ प्लांट इन दिनों बेकार साबित हो रहा है। शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाया गया यह आरओ निजी कबीर मंदिर परिसर के अंदर स्थापित होने के कारण आम जनता की पहुंच से बाहर है। परिणामस्वरूप यह कई महीनों से बंद पड़ा है और क्षेत्र के लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरओ लगने से उन्हें स्वच्छ पानी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन गलत स्थान चयन के कारण योजना का लाभ नहीं मिल सका। मंदिर परिसर में होने के चलते अक्सर ताला बंद रहता है, जिससे लोग पानी नहीं भर पाते। गर्मी बढ़ने के साथ स्थिति और गंभीर हो गई है। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हैं। उन्हें या तो दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है या फिर दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। वार्ड पार्षद पुष्पा अरविंद राजा के क्षेत्र में इस प्रकार की मूलभूत सुविधा का ठप होना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। मोहल्लेवासियों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द आरओ चालू नहीं किया गया तो मशीन पूरी तरह खराब हो सकती है, जिससे सरकारी धन का नुकसान होगा। लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर आरओ को किसी सार्वजनिक स्थान पर शिफ्ट कर शीघ्र चालू कराने की मांग की है। साथ ही, जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की अपील की है।