
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। मोहनलालगंज से समाजवादी पार्टी के सांसद आरके चौधरी के दल-बदल को लेकर चल रही अफवाहों के बाद सपा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और पोस्ट को लेकर सांसद के मुख्य सलाहकार टीबी सिंह ने काकोरी थाने में तहरीर दी है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भ्रामक प्रचार के जरिए सांसद और पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सपा जिला उपाध्यक्ष टीबी सिंह ने कहा कि पार्टी के सभी 37 सांसद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि दल-बदल से जुड़ी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है और राजनीतिक फायदे के लिए गलत वीडियो व पोस्ट वायरल किए जा रहे हैं।शिकायत दर्ज कराने पहुंचे सपा नेताओं ने काकोरी थाने के बाहर नारेबाजी भी की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।सांसद प्रतिनिधि तरुण रावत ने भी बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग राजनीतिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने नेताओं को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपने संगठन को मजबूत करने की सलाह दी।मामले में पुलिस अब वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है। सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी और सांसद के खिलाफ किसी भी तरह के दुष्प्रचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।