news-details

समस्याओं को लेकर राजनाथ सिंह से मिला प्रतिनिधिमंडल

You can share this post!

 

पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। बुद्धेश्वर क्षेत्र में जाम और अतिक्रमण की बढ़ती समस्या को लेकर बुद्धेश्वर विकास महासभा का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को सांसद एवं रक्षा मंत्री Rajnath Singh से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर बुद्धेश्वर चौराहा, पारा, राजाजीपुरम और आसपास के मार्गों पर स्थायी अतिक्रमण तथा यातायात अव्यवस्था से लोगों को हो रही परेशानियों की जानकारी दी। महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सड़क किनारे अतिक्रमण और बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में आलमनगर रेलवे ओवरब्रिज से उतरने के बाद पारा और राजाजीपुरम की ओर जाने वाले मार्गों से अतिक्रमण हटाने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा आलमनगर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर “बुद्धेश्वर स्टेशन” तथा हैदरगंज वार्ड का नाम “बुद्धेश्वर वार्ड” किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया। महासभा का कहना है कि यह क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय है। महासभा के अध्यक्ष राजेश शुक्ला के अनुसार, राजनाथ सिंह ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा।