
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। तहसील सदर स्थित मर्चेंट चेंबर हॉल में शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। समाधान दिवस में कुल 143 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 11 मामलों का तत्काल समाधान किया गया। सबसे अधिक 53 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं, जबकि पुलिस विभाग की 26, नगर निगम की 21, केस्को की 12, समाज कल्याण की 10 और केडीए की 9 शिकायतें दर्ज हुईं। इसके अलावा जलकल, स्वास्थ्य, श्रम, परिवहन और बैंकिंग से जुड़े मामले भी सामने आए।राजस्व मामलों में कई फरियादियों को राहत मिली। चकेरी निवासी रूपरानी और फत्तेपुर दक्षिण निवासी मालिक सिंह के खतौनी में नाम की त्रुटियां मौके पर ही सुधार दी गईं। न्यायालय के आदेशों से जुड़े मामलों में भी तत्काल अंकन कराकर पीड़ितों को राहत दी गई।समाज कल्याण विभाग से जुड़े मामलों में रावतपुर निवासी रीता गुप्ता को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत ₹30,000 की सहायता राशि जारी किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं कई लाभार्थियों की पेंशन से जुड़े मामलों का निस्तारण किया गया।केस्को से संबंधित शिकायत में पनकी निवासी सविता पांडेय के घर के पास लगे ट्रांसफार्मर को हटाने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया गया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का निस्तारण सात दिन के भीतर किया जाए और सभी मामलों में पारदर्शिता व गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।इस अवसर पर कई वरिष्ठ प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।