
RTI कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर किया सम्मानित, बुद्ध प्रतिमा भेंट कर दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर करीब चार दशक तक प्रशासनिक दायित्वों का ईमानदारी, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निर्वहन करने वाले स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के उपनिरीक्षक दिनेश सिंह को मंगलवार को उनके सेवानिवृत्त होने के अवसर पर सूचना का अधिकार (RTI) कार्यकर्ताओं ने सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी। समारोह में उनके उत्कृष्ट सेवाकाल को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसे अधिकारी अपनी कार्यशैली और व्यवहार से लंबे समय तक लोगों के दिलों में अपनी पहचान बनाए रखते हैं।आयोजित सम्मान समारोह में RTI कार्यकर्ताओं ने श्री सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया, मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं तथा भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर उनके शांत, सरल और जनहितकारी व्यक्तित्व को नमन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान आत्मीयता और सम्मान का वातावरण बना रहा।वक्ताओं ने कहा कि दिनेश सिंह ने अपने पूरे सेवाकाल में कानून के दायरे में रहते हुए पूरी निष्पक्षता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने सदैव जनहित को प्राथमिकता दी और अपने सौम्य व्यवहार से प्रशासन तथा आमजन के बीच विश्वास का मजबूत संबंध स्थापित किया। यही कारण है कि सेवानिवृत्ति के अवसर पर विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं और RTI से जुड़े लोगों ने उन्हें सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।समारोह में RTI एक्टिविस्ट एवं गोरखपुर मंडल अध्यक्ष अरुण सिंह, जिलाध्यक्ष मनोज कुमार राव, जिला उपाध्यक्ष शैलेश कुमार गुप्त, बृजेश शर्मा, अकबर अंसारी, अवधेश कुमार, मुन्ना कुमार तथा रामनारायण पाण्डेय सहित अनेक RTI कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने श्री सिंह के साथ बिताए अनुभव साझा करते हुए उनके अनुशासन, कार्यकुशलता और सरल स्वभाव की सराहना की।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने श्री दिनेश सिंह के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति केवल सरकारी सेवा का अंत है, समाज सेवा का नहीं। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री सिंह का अनुभव और मार्गदर्शन भविष्य में भी समाज और लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।