
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दौरे के दौरान मऊ से आए सपा कार्यकर्ता मुसाफिर यादव अपनी अनोखी बुलेट बाइक को लेकर चर्चा का विषय बने रहे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल को 'समाजवादी विजय रथ' का रूप देकर पार्टी की विचारधारा के प्रचार का अनोखा तरीका अपनाया है।मुसाफिर यादव ने बताया कि उन्होंने करीब 30 से 40 हजार रुपये खर्च कर बुलेट को विशेष रूप से मॉडिफाई कराया है। बाइक पर समाजवादी पार्टी का चुनाव चिन्ह साइकिल, अखिलेश यादव और डिंपल यादव के समर्थन में संदेश, पार्टी के प्रमुख नेताओं की तस्वीरें और अन्य प्रचार सामग्री लगाई गई है। प्रयागराज की सड़कों पर यह विशेष बाइक लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। राहगीर रुककर इसे देखते रहे और कई लोगों ने इसके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।मुसाफिर यादव का कहना है कि उनका उद्देश्य युवाओं, किसानों और आम जनता तक समाजवादी विचारधारा पहुंचाना है। उनके अनुसार यह सिर्फ एक बाइक नहीं, बल्कि पार्टी की नीतियों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि वह मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र से प्रयागराज पहुंचे हैं और आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।