
*ग्रामीणों में भारी आक्रोश*
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया
देवरिया जिले के सलेमपुर क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर-चेरो मार्ग स्थित बभनौली पाण्डेय गांव में सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन (एचटी) लाइन के तार काफी नीचे लटक गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे राहगीरों और भारी वाहनों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।ग्रामीण मनोज पाण्डेय ने बताया कि मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बस,ट्रक, कंबाइन और अन्य ऊंचे वाहन कई बार इन तारों के संपर्क में आ जाते हैं। वहीं नीरज पाण्डेय के अनुसार, कई अवसरों पर तार वाहनों में फंसकर टूट भी चुके हैं। संयोगवश उन घटनाओं के दौरान विद्युत आपूर्ति बंद होने के कारण कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। इस समस्या की जानकारी कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे क्षेत्र के लोगों में लगातार चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों ने हाल ही में सलेमपुर थाना क्षेत्र के बिरजामर गांव के सामने हुई घटना का भी उल्लेख किया, जहां हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक ट्रक में आग लग गई थी और चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बभनौली गांव में लटके तारों को समय रहते ठीक नहीं किया गया, तो यहां भी ऐसी ही दुखद घटना हो सकती है।सुभाष गोंड ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी दुर्घटना में किसी की जान चली जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर तारों को कसवाने अथवा उनकी ऊंचाई बढ़ाने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान न होने पर जनआंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है। इस दौरान मनोज पाण्डेय,सुभाष गोंड, नीरज पाण्डेय, गुड्डु बाबा,गौरव पाण्डेय, दिनेश यादव, संतोष कन्नौजिया,गोविंद यादव, सूरज यादव,तेजनारायण, अनिल,विशाल,भोलू, सोनू, अष्टभुजा, विजय , मुन्ना , लल्लन,गोल्डन सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।