news-details

सफाई नहीं तो हड़ताल!

You can share this post!


नाला सफाई न होने पर नाले में उतरे पार्षद पति

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर दक्षिण के वार्ड नंबर-102 बेगमपुरवा में नाला सफाई न होने से नाराज पार्षद पति अकील शानू गुरुवार को सीओडी नाले में उतर गए। नाले के बीच खड़े होकर उन्होंने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और नगर आयुक्त से तत्काल सफाई कराने की मांग की। इस दौरान स्थानीय लोग भी उनके साथ मौजूद रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।अकील शानू ने कहा कि सीओडी नाला पूरी तरह कचरे, मलबे और सिल्ट से भरा हुआ है। उन्होंने नगर आयुक्त से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि बरसात शुरू हो चुकी है और यदि समय रहते नाले की सफाई नहीं कराई गई तो पूरे क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो जाएगी।उन्होंने आरोप लगाया कि वह लगातार नगर निगम के अधिकारियों से नाले की सफाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उनके अनुसार कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो संबंधित एक्सईएन निरीक्षण के लिए आए और न ही सफाई का कार्य शुरू कराया गया।पार्षद पति ने कहा कि सीओडी नाला दक्षिण क्षेत्र के सबसे बड़े नालों में से एक है। इसकी सफाई न होने का खामियाजा हजारों लोगों को भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर नाले की सफाई शुरू नहीं हुई तो वह अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।स्थानीय लोगों ने भी नाले की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि हर वर्ष बरसात में जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता है। लोगों ने नगर निगम से जल्द सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र को जलभराव से बचाने की मांग की है।

शहर में नाले साफ हो रहे हैं। सीओडी नाला यदि गंदा है तो उसको भी साफ कराया जाएगा। टीम को मौके पर भेजूंगा।
अर्पित उपाध्याय,नगर आयुक्त