
पारदर्शी विकास न्यूज़, अमेठी। सहकारी समितियों के सचिवों की हड़ताल के बावजूद किसानों को उर्वरक की कमी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा की।डीएम ने निर्देश दिए कि किसानों को यूरिया, डीएपी और एनपीके की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की जाए। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 450 निजी उर्वरक रिटेलर तथा आईएफएफडीसी, इफको, महिला उपभोक्ता केंद्र और एग्री जंक्शन सहित करीब 480 केंद्रों के माध्यम से खाद का वितरण कराया जाएगा।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी केंद्रों पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध रखने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े और उनकी जरूरत के अनुसार समय से उर्वरक उपलब्ध हो। किसानों के हित सर्वोपरि हैं और हड़ताल के कारण कृषि कार्य प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह निरंजन, एआर कोऑपरेटिव अरविंद यादव सहित कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।