
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर नगर में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को फजलगंज स्थित उपायुक्त उद्योग कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 6 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।डीएम सुबह लगभग 10:25 बजे कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उपायुक्त उद्योग भी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। दूरभाष पर उन्होंने बताया कि वह जांच के सिलसिले में पनकी स्थित बैंक ऑफ इंडिया कार्यालय जा रहे हैं। इस पर डीएम ने निर्देश दिया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में बैठकर आमजन की समस्याओं का निस्तारण अनिवार्य रूप से किया जाए।निरीक्षण में रश्मि, अविजित सिंह, राजकुमार, वी. अरुण, धर्मेंद्र कुमार शुक्ला और मिथिलेश कुमार अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल सभी का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए।इसके साथ ही उपस्थिति पंजिका में सहायक आयुक्त उद्योग रियाजुद्दीन के हस्ताक्षर नहीं पाए गए। डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सभी राजपत्रित अधिकारी भी अनिवार्य रूप से उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करें, ताकि उपस्थिति की पारदर्शिता बनी रहे।निरीक्षण के दौरान मूवमेंट रजिस्टर भी अधूरा पाया गया, जिसमें 7 अप्रैल 2026 के बाद कोई प्रविष्टि नहीं की गई थी। इस पर डीएम ने कार्यालय अभिलेखों के नियमित रखरखाव और अद्यतन करने के सख्त निर्देश दिए।