
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। नवीन मंडी पुल के पास अज्ञात डंपर ने युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात डंपर और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।मृतक की पहचान मियागंज थाना क्षेत्र के हैदराबाद निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद इरफान पुत्र रमजान अली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, इरफान एक फैक्ट्री में सप्लायर का कार्य करता था और किसी काम से उन्नाव जा रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे नवीन मंडी पुल के पास एक सब्जी विक्रेता गलत दिशा से ठेला लेकर हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान इरफान की स्कूटी ठेले से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजा। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार डंपर और उसके चालक की पहचान की जा सके।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गलत दिशा से हाईवे पार कर रहा सब्जी का ठेला प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।