news-details

सावन के पहले दिन आनंदेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

You can share this post!


पारदर्शी  विकास न्यूज़ कानपुर। सावन माह के पहले दिन गुरुवार तड़के से ही परमट स्थित श्री आनंदेश्वर मंदिर में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगला आरती के साथ पूजा-अर्चना शुरू हुई और पूरा मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' व 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भक्त गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, पुष्प और प्रसाद लेकर भगवान आनंदेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने पहुंचे। मंदिर में रुद्राभिषेक, शिव चालीसा पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बड़ी संख्या में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं। बैरिकेडिंग के माध्यम से दर्शन और जलाभिषेक की व्यवस्था सुचारु रूप से कराई गई। सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए।सुबह गंगा स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर सीधे मंदिर पहुंचे। मंदिर के बाहर फूल-माला, बेलपत्र, प्रसाद और पूजा सामग्री की दुकानों पर दिनभर रौनक रही। मान्यता है कि सावन में भगवान आनंदेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, जिसके चलते दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।