news-details

स्वच्छता और ग्रामीण विकास योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिले में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक हुई। इसमें ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण, संचालन और रखरखाव की समीक्षा करते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शौचालयों का निर्माण कराने के साथ उनका नियमित उपयोग भी जरूरी है। ओडीएफ प्लस के मानकों को बेहतर बनाने तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी करने के निर्देश दिए।बैठक में रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) के संचालन, कचरा संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा अंत्येष्टि स्थलों और जनसेवा केंद्रों के निर्माण एवं संचालन की स्थिति पर चर्चा हुई। डीएम ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी वीरभान सिंह, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी सहित संबंधित अधिकारी और खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।