
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। एक से 31 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने रोगों के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नोडल अधिकारी तैनात कर नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने और गतिविधियों का फोटोग्राफ सहित रिकॉर्ड रखने को कहा। अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों और कमियों का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। जिन मशीनों और उपकरणों का उपयोग नहीं हो रहा है, उनकी सूची तैयार की जाएगी।डीएम ने प्रत्येक रेफर मरीज की रेफरल हिस्ट्री तैयार करने और मरीज को दूसरे अस्पताल भेजने के कारणों का ऑडिट कराने को कहा। अस्पतालों में ओपीडी और दवाओं की खपत का व्यवस्थित डेटा तैयार करने के निर्देश दिए।जननी सुरक्षा योजना के लंबित भुगतानों का समय से निस्तारण करने और आशा-एएनएम के कार्यों की समीक्षा पर भी जोर दिया गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी चिकित्सकों के निजी प्रैक्टिस करने की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।