
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। आधुनिक जीवनशैली, अनियमित दिनचर्या, बढ़ता तनाव और नशे की प्रवृत्ति के बीच बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। इसी को देखते हुए कानपुर में दो प्रमुख सामाजिक संगठनों—रोटरी क्लब ऑफ कानपुर मेट्रो और वात्सल्य न्यास—ने समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने की पहल की है। इन संगठनों द्वारा 16 मई 2026 को ‘स्वास्थ्य प्रबोधन’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जो शास्त्री नगर स्थित हरिहरनाथ शास्त्री भवन में होगा। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘स्वास्थ्य क्षेत्र की चुनौतियां एवं स्वस्थ जीवन शैली’ रहेगा।आयोजकों का कहना है कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग बीमारियों से जूझ रहे हैं, लेकिन जीवनशैली सुधारने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में यह कार्यक्रम केवल समस्याओं पर चर्चा नहीं करेगा, बल्कि समाधान और स्वस्थ जीवन की दिशा भी दिखाएगा।कार्यक्रम में आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव एवं आयुष मंत्रालय के राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. अशोक वार्ष्णेय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वे स्वस्थ जीवनशैली, आयुर्वेदिक दृष्टिकोण और दिनचर्या में छोटे बदलावों से गंभीर बीमारियों से बचाव पर जानकारी देंगे।इसके अलावा रोटेरियन डॉ. उमेश पालीवाल भी वर्तमान चिकित्सा चुनौतियों और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर प्रकाश डालेंगे।कार्यक्रम में शहर के लगभग 300 गणमान्य लोग शामिल होंगे, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों के समाजसेवी और जागरूक नागरिक मौजूद रहेंगे। उद्देश्य यह है कि यहां से मिली जानकारी को समाज के अन्य वर्गों तक पहुंचाया जाए और स्वास्थ्य के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाई जा सके।आयोजकों का मानना है कि जब समाज के प्रभावशाली लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होंगे, तभी एक स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव रखी जा सकेगी।