
पारदर्शी विकास न्यूज़ देवरिया। विकसित भारत अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड देसही परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई। छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार पेंटिंग, जल प्रबंधन, तकनीकी विज्ञान, कृषि यंत्र और अनाज संग्रह से संबंधित मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। कृषि मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। इस दौरान किसानों को मिनी किट भी वितरित की गई।कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए उनकी प्रतिभा को विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण बताया।मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर वे अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के योगदान की सराहना की और बताया कि 2 अक्टूबर को अंगदान एवं रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष जनार्दन कुशवाहा, क्रांति सिंह, वीरेंद्र कुमार यादव, भाजपा नेता डॉ. विनय कुमार राव, खंड विकास अधिकारी सुधीर पांडेय सहित अधिकारी, कर्मचारी, किसान और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।