
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। शांति नगर स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार रात खंडित की गई भगवान भोलेनाथ और नंदी की मूर्तियों के स्थान पर शनिवार को नई मूर्तियों की पुनर्स्थापना कराई गई। दोपहर करीब तीन बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का पूजन व जलाभिषेक किया।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात एक युवक ने मंदिर में स्थापित मूर्तियों को कथित रूप से खंडित कर दिया था। स्थानीय लोगों ने उसे मौके पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। भाजपा नेता बिमल द्विवेदी की सूचना पर शहर कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।शनिवार को बिमल द्विवेदी के नेतृत्व और मंदिर संरक्षक सुरेश वर्मा की देखरेख में नई मूर्तियां स्थापित की गईं। आचार्य श्रवण कुमार वाजपेयी, आचार्य वासु जी और आचार्य मनोज अवस्थी ने वैदिक विधि से प्राण प्रतिष्ठा कराई। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की प्रार्थना की।