
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर मेट्रो के सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक नए कॉरिडोर पर संचालन शुरू होने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। इस सप्ताह मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (CMRS) की विशेष टीम ट्रैक और स्टेशनों का निरीक्षण करेगी। जांच रिपोर्ट अनुकूल रहने पर मुख्य रेल सुरक्षा आयुक्त नीलाभ्रा सेन गुप्ता अंतिम निरीक्षण के लिए कानपुर आएंगे।उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अनुसार आईआईटी से नौबस्ता तक का निर्माण और तकनीकी कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक परीक्षण और निरीक्षण की प्रक्रिया चल रही है।निरीक्षण के दौरान ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, इमरजेंसी ब्रेक, लिफ्ट, एस्केलेटर, ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन गेट, अग्निशमन प्रणाली और आपातकालीन निकास व्यवस्था की बारीकी से जांच की जाएगी।अधिकारियों का मानना है कि सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद जून के अंत तक नए रूट पर मेट्रो संचालन शुरू हो सकता है। इसके शुरू होने से शहर के लाखों यात्रियों को बेहतर और तेज परिवहन सुविधा मिलने के साथ ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी।