news-details

सांसद ने खुद नहीं, 9 साल के छात्र से कराया शिलान्यास!

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को सांसद निधि से बनने वाली दो स्मार्ट क्लास का शिलान्यास एक अनूठे अंदाज में किया गया। करीब 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इन स्मार्ट क्लास का शिलान्यास विद्यालय के 9 वर्षीय छात्र कुमार शिवांशु ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को केंद्र में रखकर कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूल ज्ञान का मंदिर है और इसे राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखा जाना चाहिए। इसी सोच के तहत कार्यक्रम में न तो किसी राजनीतिक दल का प्रचार किया गया और न ही मंच या बैनर पर किसी नेता की तस्वीर लगाई गई। बैनर पर केवल छात्र शिवांशु की तस्वीर प्रदर्शित की गई।सांसद ने बताया कि पहले से यह निर्णय लिया गया था कि स्मार्ट क्लास के शिलान्यास और उद्घाटन जैसे कार्यक्रम विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों से कराए जाएंगे, ताकि बच्चों का आत्मविश्वास बढ़े और उन्हें सम्मान का अनुभव हो। इसी क्रम में छात्र कुमार शिवांशु को मुख्य अतिथि बनाया गया।उन्होंने कहा कि परमट प्राथमिक विद्यालय में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर और अन्य आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही शहर के 50 प्राथमिक विद्यालयों को भी चिन्हित किया गया है, जहां चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट क्लास स्थापित की जाएंगी, जिससे सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा का लाभ मिल सके।रमेश अवस्थी ने कहा कि राजनीति के लिए अनेक मंच उपलब्ध हैं, लेकिन विद्यालयों को इससे अलग रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को राजनीति का माध्यम नहीं बनाना चाहिए, बल्कि उनके बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक संसाधनों के विस्तार और सरकारी विद्यालयों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।