
तनिश सिंह
PARDARRSHI VIKASH NEWS उन्नाव में सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही आनंद घाट, चंदन घाट और मिश्रा कॉलोनी घाट समेत कई प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। देखते ही देखते हजारों की संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए पहुंचे और “हर-हर गंगे” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में बदल गया।श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। महिलाओं ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की और सोमवती अमावस्या की कथा का श्रवण किया। वहीं घाटों पर दीपदान, दान-पुण्य और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया गया। पूजा सामग्री की दुकानों पर दिनभर भारी भीड़ बनी रही।भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गोताखोरों को भी मुस्तैद रखा गया। प्रशासनिक अधिकारी लगातार घाटों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।