
कच्चे मकान की दीवार ढहने से हुई मौत पर संवेदना जताई, हर संभव मदद का दिया आश्वासन
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी/ जामों। शनिवार की सुबह थाना क्षेत्र स्थित घाटमपुर ग्राम सभा के पूरे परमेश्वरी गांव में कच्चे मकान की दीवार ढहने से मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।गांव निवासी ओमप्रकाश के कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में उनकी पत्नी और पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र दीपांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेत्री स्मृति ईरानी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला और अन्य पदाधिकारियों को तत्काल पीड़ित परिवार से मिलने तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।पोस्टमार्टम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने ओमप्रकाश की फोन पर स्मृति ईरानी से बात कराई। इस दौरान स्मृति ईरानी ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन दुख की इस घड़ी में परिवार स्वयं को अकेला न समझे।स्मृति ईरानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता और सहयोग का आश्वासन दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने घायल दीपांशु के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
