
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न विभागों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जिले के 313 विद्यालयों में संचालित 1,097 वाहनों के चालकों का चरित्र सत्यापन, ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता और स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। छात्राओं को ले जाने वाली बसों में महिला परिचालक की अनिवार्यता सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने टेंपो और ई-रिक्शा से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर निगरानी रखने तथा वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु होने पर डेथ ऑडिट कराने और दुर्घटना के कारणों के आधार पर सुधारात्मक कार्य कराने को कहा। कानपुर-हमीरपुर-सागर मार्ग पर झाड़ियों की कटाई और सीवर चैंबरों को सड़क के समतल रखने के निर्देश भी दिए।आईआईटी से गोल चौराहा मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखने को कहा गया। बैठक में डीसीपी ट्रैफिक, एडीएम सिटी, लोक निर्माण विभाग, एआरटीओ और बीएसए सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।