
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कसया, कुशीनगर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कसया पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने ठगी के शिकार व्यक्ति के 31,458 रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। बुधवार को धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया।पुलिस के अनुसार, वीर सावरकर नगर वार्ड नंबर-15, कसया निवासी सूर्या यादव पुत्र सत्यदेव यादव साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुए थे। शिकायत मिलने पर थाना कसया की साइबर हेल्प डेस्क ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी रकम वापस कराने में सफलता प्राप्त की।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक भारत विशाल, हेड कांस्टेबल सर्वेन्द्र कुमार तिवारी, महिला कांस्टेबल प्रिया पाण्डेय और आरक्षी प्रियांश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कुशीनगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज कराएं। पुलिस ने ओटीपी, एटीएम पिन और यूपीआई पिन किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी है। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से भी बचने को कहा है। पुलिस के मुताबिक, समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।