news-details

साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और साइबर क्राइम सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो देशभर में सक्रिय ठगों को म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराकर उनके जरिए ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर करने का काम करते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था और ठगी की रकम को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर पर्सन टू पर्सन ट्रेडिंग के जरिए भारतीय मुद्रा में बदलकर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करता था, जिससे पूरे मनी ट्रेल को छिपाया जा सके।डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से लगभग 450 म्यूल अकाउंट से जुड़े दस्तावेज मिले हैं, जिनमें करीब 225 करोड़ रुपये का लेनदेन पाया गया है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इन खातों के जरिए करीब 2500 लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है। NCRB पोर्टल पर दर्ज 25 खातों में से 27 शिकायतें दर्ज मिली हैं, जिनमें एक श्रीराम जनसेवा केंद्र के खाते में लगभग 10 करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन भी शामिल है। यह खाता शुभांशी नाम की महिला के नाम पर पाया गया।पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी आसपास के गांव कुकरी, भैसऊ और शिवराजपुर क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद उनके दस्तावेज लेकर उन्हें 5 से 10 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे और उन खातों का इस्तेमाल ठगी के पैसे ट्रांसफर करने में किया जाता था।पुलिस के अनुसार, यह गिरोह खुद को कभी सीबीआई तो कभी पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट की धमकी देता था और ठगी की वारदात को अंजाम देता था।गिरफ्तार आरोपियों में शिवराजपुर के अशरफ खान, सेंधना (अरौल) के सूरज कुमार, ठठिया (कन्नौज) के राजन कटियार, शिवराजपुर कुकरी के राजदीप, भीमरतन और दरियानिवादा के कमल शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि मास्टरमाइंड अशरफ खान हाईस्कूल पास है, जबकि बाकी आरोपी इंटर और ग्रेजुएट हैं। बताया गया कि राजन और सूरज गिरोह में ठगी की ट्रेनिंग भी देते थे।पुलिस को आरोपियों के खातों में तेलंगाना, बेंगलुरु, दिल्ली, मुंबई, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, उत्तराखंड, बिहार, तमिलनाडु, गुजरात समेत कई राज्यों से शिकायतें मिली हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, 1 टैबलेट, 10 बैंक पासबुक, 2 चेकबुक और 12 डेबिट कार्ड बरामद किए हैं। ये खाते बैंक ऑफ महाराष्ट्र, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित कई बैंकों में खोले गए थे।पुलिस अब पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और ठगी से जुड़े डिजिटल लेनदेन की गहराई से जांच कर रही है।

इन बैंकों में खुलवाया था अकाउंट

  • बैंक ऑफ महाराष्ट्र
  • पंजाब नेशनल बैंक
  • स्टेट बैंक ऑफ इंडिया
  • बैंक ऑफ बड़ौदा

शिवराजपुर पुलिस और साइबर क्राइम सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम को क्रिप्टो और अन्य माध्यमों से ट्रांसफर करते थे। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।-डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी