
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर
हाटा (कुशीनगर)। वाल्मीकि जयंती पर सोमवार को हाटा विकास खंड के भठही बाबू गांव से सोहसा मोक्ष धाम के विकास के लिए घर-घर जनसहयोग संग्रह अभियान की शुरुआत की गई। नयी दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान की पहल पर शुरू हुए अभियान में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। करीब 100 गांवों की आस्था के केंद्र मोक्ष धाम तक पक्के रास्ते के निर्माण और परिसर के विकास के लिए लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है।
क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से पहले मोक्ष धाम परिसर की साफ-सफाई कराई गई थी। इसके बाद शारदीय नवरात्र की अष्टमी को भूमि पूजन के साथ विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ। वर्तमान में मोक्ष धाम तक पक्के रास्ते का निर्माण जारी है। इसी कार्य को आगे बढ़ाने के लिए अब घर-घर पहुंचकर जनसहयोग जुटाने की मुहिम शुरू की गई है।
संस्था के सचिव डॉ. हरिओम मिश्र के नेतृत्व में ग्रामीणों से संपर्क कर सहयोग मांगा गया। इस दौरान लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान देने का उत्साह दिखाया। डॉ. मिश्र ने कहा कि लोगों का दिया एक-एक रुपया एक-एक लाख रुपये के बराबर है। यह धनराशि केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि मोक्ष धाम के प्रति आस्था और सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। ग्रामीणों के सहयोग और आशीर्वाद से इस पुनीत कार्य को पूरा किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अभियान में सहभागी बनने की अपील की। कहा कि जनसहयोग से मोक्ष धाम तक आवागमन सुगम होगा और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। करीब 100 गांवों से जुड़े इस आस्थास्थल के विकास में ग्रामीणों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
अभियान में ग्राम प्रधान सुभाष कांदू, कृष्णमोहन, पेशकार गौड़, आशुतोष मद्देशिया, धर्मेंद्र गौड़, हरेंद्र नाथ मिश्र, हेमंत मिश्र, रामदास शर्मा, हरेंद्र यादव, कमलेश मद्देशिया, पंडित कन्हैया मिश्र, रूपनारायण मिश्र, गोरख और रामाश्रय सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।