
Pardarshi Vikas News Kanpur
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग में सोमवार को खेले गए मुकाबलों में रोमांच और बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला। पहले मैच में सर पदमपत सिंहानिया स्पोर्ट्स एकेडमी ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर बीसीए को 126 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की।
राहुल सप्रू मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में सिंहानिया अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 7 विकेट पर 274 रन बनाए। टीम की ओर से शिवा सोनकर ने 108 और वंश निगम ने 105 रनों की शानदार शतकीय पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीसीए की टीम 27.4 ओवर में 148 रन पर सिमट गई। फरदीन अली ने 42 और ब्रजेश कुमार ने 37 रन बनाए, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई। गेंदबाजी में प्रांजुल देव ने 5 विकेट लेकर मैच का रुख मोड़ दिया।
दूसरा मुकाबला पीएसी मैदान पर खेला गया, जहां पीएसी ने खांडेकर क्रिकेट एकेडमी को 6 विकेट से हराया। खांडेकर टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 192 रन पर ऑल आउट हो गई। जवाब में पीएसी ने 22 ओवर में 4 विकेट पर 193 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विनायक सिंह ने 62 और संदीप मित्तल ने नाबाद 56 रन की अहम पारी खेली।
तीसरे मुकाबले में चित्रा क्रिकेट एकेडमी ने केस्को को 5 विकेट से हराया। गीता देवी-मंटोरा मैदान पर खेले गए मैच में केस्को ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 179 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए चित्रा अकादमी ने 22.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 180 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। टीम की ओर से मयंक ने नाबाद 73 और प्रिंस यादव ने 57 रन की शानदार पारी खेली।
दिनभर चले इन मुकाबलों में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और लीग में प्रतिस्पर्धा और भी दिलचस्प हो गई है।