news-details

संगठन को मजबूत करने में जुटें कार्यकर्ता: सुनील सिंह

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  अमेठी। भाजपा के नवनियुक्त जिला प्रभारी सुनील सिंह के प्रथम अमेठी आगमन पर बुधवार को गौरीगंज स्थित जिला कार्यालय में परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया। बैठक में सुनील सिंह ने कार्यकर्ताओं से पूरे मनोयोग से संगठन के कार्यों में जुटने और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी सीटों पर जीत का लक्ष्य लेकर काम करना होगा। कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में मदद करें। उन्होंने विपक्ष के आरोपों और दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने की बात भी कही। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के ‘कदम मिलाकर चलना होगा’ संदेश को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। परिचयात्मक बैठक के बाद जिला प्रभारी ने जनप्रतिनिधियों, पूर्व जिलाध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इनमें संगठन की स्थिति, बूथ स्तर पर सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। बैठक को राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, विधायक सुरेश पासी और पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

महिलाओं की भागीदारी का मुद्दा उठा
कार्यक्रम में भाजपा नेत्री रश्मि सिंह ने पार्टी की बैठकों में महिलाओं को मंच पर उचित स्थान नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल भीड़ के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि संगठन में उन्हें सम्मान और जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों में महिलाओं की भूमिका का भी उल्लेख किया।