news-details

सीएम योगी के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री के संभावित जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में प्रशासनिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं का बिंदुवार परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।बैठक में हेलीपैड निर्माण, वीआईपी एवं सामान्य पार्किंग, आगंतुकों के लिए शुद्ध पेयजल, पर्याप्त बैठक व्यवस्था, पंडाल एवं मंच निर्माण, सेफ हाउस, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, विद्युत, चिकित्सा, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से लगाए जाने वाले प्रदर्शनी स्टॉल, अन्नप्राशन कार्यक्रम तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरण की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई।जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि उन्हें आवंटित कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण सुनिश्चित करें, ताकि मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम का सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन हो सके।उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों की नियमित समीक्षा करें और प्रगति से प्रशासन को लगातार अवगत कराते रहें।