news-details

सीडीओ के निरीक्षण में मिनी स्टेडियम में मिली गंदगी

You can share this post!

 

अव्यवस्थित मिले जिम उपकरण, सीडीओ ने लगाई फटकार
मिनी स्टेडियम की बदहाली पर सीडीओ सख्त
स्टेडियम में सफाई और खेल सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश



पारदर्शी विकास न्यूज़  अमेठी/भादर। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू द्वारा युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा विकासखंड भादर के अंतर्गत ग्राम घोरहा में नवनिर्मित ग्रामीण मिनी स्टेडियम का औचक स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम प्रांगण तथा भीतरी कक्षों की साफ-सफाई व्यवस्था अत्यंत असंतोषजनक पाई गई, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुदृढ़ करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया गया कि सफाई कर्मियों की विशेष टोली लगाकर पूरे स्टेडियम परिसर की नियमित रूप से सघन सफाई सुनिश्चित की जाए।सीडीओ ने पाया कि स्टेडियम में उपलब्ध कराई गई खेल सामग्रियों का नियमित उपयोग नहीं हो रहा है तथा ओपन जिम से संबंधित सामग्री भी अस्त-व्यस्त स्थिति में रखी हुई है। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि समस्त जिम उपकरणों एवं खेल सामग्रियों को सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित किया जाए।खेल मैदान में अभ्यास हेतु आने वाले बच्चों व युवाओं से निरंतर संवाद स्थापित किया जाए तथा उनकी आवश्यकता के अनुसार नियमानुसार खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाए।खेल मैदान में बैडमिंटन, खो-खो आदि खेलों के लिए मानकों के अनुरूप कोर्ट का चिन्हांकन व सांकेतिक बोर्ड (Signage) अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं।स्टेडियम परिसर में पेयजल एवं शौचालयों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने इसे अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पेयजल आपूर्ति एवं शौचालय की स्वच्छता व्यवस्था को अविलंब दुरुस्त करने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने जिला युवा कल्याण अधिकारी, अमेठी को निर्देशित किया कि निरीक्षण में पाई गई समस्त कमियों का तत्काल निस्तारण कराते हुए आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की घोर लापरवाही की पुनरावृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण मिनी स्टेडियम का निर्माण स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने हेतु किया गया है, अतः इसका सुचारू व प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को इसका सीधा लाभ मिल सके।


सफाई कर्मियों के पास उपकरण नहीं
विकास खंड में सफाई कर्मियों के पास सफाई के  पर्याप्त उपकरण नहीं है। टीमें भेजने पर अधिकांश सफाई कर्मी हाथ हिलाते हुए फील्ड में जाते हैं और ड्यूटी की खाना पूरी करके लौट आते हैं। लम्बी घासों को खत्म करने के लिए दवा के पैसे मांगते हैं,दवाएं ब्लाक मुख्यालय पर उपलब्ध नहीं है।हाल ही मे एक टीम ब्लाक संसाधन केंद्र परिसर साफ करने आई थी।घास साफ करने के लिए पैसे न मिलने पर फोटो सेशन पूरा करके वापस चली गई।परिसर में गंदगी का आलम बना हुआ है।