
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बहुजन समाज की ओर से हरदोई जिले की संडीला विधानसभा में मंगलवार को सेक्टर एवं बूथ स्तरीय समीक्षा बैठक में भारी भीड़ जुटी। समीक्षा बैठक एक बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन के रूप में तब्दील नजर आई। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और जोश का संचार करते हुए सभी पोलिंग बूथों पर बसपा की जीत सुनिश्चित कर2027में संडीला से बसपा का विधायक बनाने के संदेश दिए। विनोद सिंह तोमर उर्फ बिन्नू भैया को संडीला विधानसभा का प्रभारी/प्रत्याशी घोषित किया गया है।प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने जबरदस्त नारे बाजी और करतल ध्वनि के बीच विनोद सिंह तोमर को प्रत्याशी घोषित किया और 2027में बहन मायावती जी के पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनने का दावा किया।कार्यकर्ता सम्मेलन को मुख्य मंडल प्रभारी पूर्व एम एल सी भीम राव अम्बेडकर,सूरज सिंह जाटव, सुशील कुमार मुन्ना आदि ने संबोधित किया।मंडल प्रभारी आई पी सिंह दोहरे, राधेश्याम वर्मा,अमर सिंह, राकेश कुमार गौतम, सूर्य कांत निराला आदि मौजूद रहे।प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने बहुजन समाज पार्टी क्यों बनी-इस बिंदु के साथ अपने कैडर की शुरुआत की। बसपा के अब तक के सफर, मान्यवर कांशीराम साहब के संदेश, बहन मायावती जी के संघर्षमय जीवन और बीएसपी की चार बार की सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं को पोलिटिकल पावर की मास्टर चाबी हासिल करने के लिए 2027में पांचवीं बार बीएसपी की सरकार बनाने के संदेश दिए।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में छः राष्ट्रीय पार्टियां हैं। बहुजन समाज पार्टी को छोड़कर सभी पार्टियां जातिवादी, संविधान विरोधी और आरक्षण विरोधी हैं। मान्यवर कांशीराम साहब के कथन की याद दिलाई और कहा कि कांग्रेस नागनाथ है, भाजपा सांपनाथ है। समाजवादी पार्टी कोई दल नहीं परिवार डेवलपमेंट एलांइस है।सपा ने बहुजन महापुरुषों को सबसे अधिक अपमान किया और एस सी/एस टी के आरक्षण को खत्म करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। सपा में शामिल होकर राजनीति करने वाले नेताओं को स्वार्थी,मिशन विरोधी और धोखेबाज बताया।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा,सपा तीनों पार्टियां जातिवादी और आरक्षण विरोधी हैं।जिन लोगों ने सदियों से खेती, नौकरी, रोजगार, मंदिर , राजनीति,शासन प्रशासन आदि सभी तरह के संसाधनों पर अधिकार जमाए रखा है,वहीं लोग आरक्षण का विरोध कर रहे हैं।प्रदेश अध्यक्ष ने सपा, भाजपा और कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि इन दलों का चरित्र प्रदेश की जनता के सामने आ चुका है। जनता बसपा, सपा और भाजपा की सरकारों की तुलना कर रही है।बहन मायावती ने शिक्षा को मजबूत करने के लिए 5000प्राथमिक विद्यालय खोले और सैकड़ों शिक्षण संस्थान संचालित किए। भाजपा गरीबों से प्राथमिक शिक्षा छीनना चाहती है, इसलिए स्कूल बंद कर गरीबों की बस्तियों में शराब के ठेके खोले जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने अपनी सरकार में बैकलॉग भर्तियों पर रोक लगाई। पदोन्नति में आरक्षण और ठेकेदारी में आरक्षण खत्म किया।एस सी/एस टी कर्मचारियों को रिवर्ट किया,बहन मायावती की ओर से बहुजन महापुरुषों के नाम पर बनाए गए जिलों को समाप्त किया। बाबा साहब डॉ अम्बेडकर और मान्यवर कांशीराम के नाम पर बने जिलों को समाप्त करने वाले अखिलेश यादव की टीम भारतीय संविधान की किताब और नीली शर्ट पहनकर दलित एवं पिछड़े वर्ग के लोगों का वोट लेने का झूठा नाटक कर रही है। कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष राजपाल गौतम ने किया। विधानसभा प्रभारी राजेंद्र कुमार,अजय कुमार गौतम के साथ हजारों कार्यकर्ताओं ने दोनों हाथ उठाकर 2027में बसपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया।