
PARDARSHI VIKASH NEWS विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने रक्तदान को ‘महादान’ बताते हुए कहा कि यह जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे मरीजों के लिए नई उम्मीद है।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, सीडीओ विनोद कुमार गौड़ सहित अन्य अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। शिविर के दौरान रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।मंत्री ने रक्तदाताओं से उनके अनुभव साझा किए। इस दौरान अमित मिश्रा, जो ब्लड बैंक में लैब टेक्नीशियन हैं, ने बताया कि वे अब तक 36वीं बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहली बार 2010 में रक्तदान किया था और तब से यह लगातार जारी है।वहीं एक अन्य रक्तदाता शिवम दुबे ने बताया कि एक सड़क दुर्घटना में दोस्त को खून की जरूरत पड़ने पर उन्हें रक्तदान की प्रेरणा मिली। तब से वे लगातार रक्तदान कर रहे हैं और इस अवसर पर उन्होंने 14वीं बार रक्तदान किया।अधिकारियों ने बताया कि रक्तदान से शरीर में नया रक्त तेजी से बनता है और यह पूरी तरह सुरक्षित है। कार्यक्रम में सीएमओ आनंद उपाध्याय, अस्पताल प्रशासन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।