news-details

रहस्यमय हालात में ऑटो चालक की मौत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। टाटामिल चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार देर रात एक ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ग्वालटोली निवासी जाहिद उर्फ खूटी (32) के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।परिजनों के अनुसार जाहिद शनिवार सुबह रोज की तरह ऑटो लेकर घर से निकला था। वह शुक्लागंज से घंटाघर रूट पर ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार के लोगों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन नहीं उठा। बाद में एक अज्ञात नंबर से सूचना मिली कि जाहिद घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जहां उसकी मृत्यु हो गई।सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। उनका आरोप है कि जाहिद के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। परिवार का कहना है कि यदि यह सड़क हादसा था तो ऑटो को भी क्षति पहुंचनी चाहिए थी, जबकि ऐसा नहीं पाया गया। परिजनों ने आशंका जताई कि किसी ने रंजिश के चलते उस पर हमला किया है।घटना की जानकारी मिलने पर रेलबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। मामले की सच्चाई जानने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।पुलिस ने बताया कि मृतक जाहिद उर्फ खूटी के खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज रहे हैं और वह ग्वालटोली थाने का हिस्ट्रीशीटर भी था। हालांकि परिजनों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से ऑटो चलाकर सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था। पुलिस का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।