
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र में युवक की बेल्ट और जूतों से पिटाई करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को रबाडा गैंग के दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का घटनास्थल से थाने तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान दोनों ने कान पकड़कर हाथ जोड़ते हुए माफी मांगी और भविष्य में अपराध न करने का वादा किया।यह घटना 9 जून की है, जबकि मारपीट का वीडियो 27 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला प्रकाश में आया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 28 जुलाई को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी थी, जिनमें से दो को अब गिरफ्तार कर लिया गया है।पीड़ित अमन सिंह के अनुसार, आरोपियों ने शराब पार्टी के लिए पांच हजार रुपये की मांग की थी। रुपये देने से इनकार करने पर उसे बर्रा विश्वबैंक क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल के पास ले जाकर बेल्ट, जूतों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त के साथ भी मारपीट की गई थी। बाद में आरोपियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि रबाडा गैंग स्कूल और कॉलेज के छात्रों को निशाना बनाकर उनसे मारपीट और जबरन वसूली करता था। पुलिस ने गैंग के खिलाफ अभियान चलाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।