
युवती और 3 लड़के पकड़े गए, आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस का छापा
पारदर्शी न्यूज कानपुर। कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक मकान में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार का मामला सामने आया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर एक युवती और तीन युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।
मामला केशव पुरम इलाके का है। यहां रहने वाले कारोबारी आर एम पाण्डेय ने बताया कि वह परिवार के साथ पनकी स्थित अपने दूसरे मकान में रहते हैं। करीब तीन महीने पहले उन्होंने अपना मकान दिनेश अग्निहोत्री नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मकान में देर रात तक युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता था। पड़ोसियों के मुताबिक कई बार पुलिस को भी सूचना दी गई, लेकिन पुलिस पहुंचने से पहले लोग वहां से निकल जाते थे। स्थानीय निवासी कंचन सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर कूड़ा उठाने वाले व्यक्ति ने जानकारी दी कि घर से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री फेंकी जा रही है। इसके बाद लोगों को शक और गहरा गया। रविवार शाम कुछ युवक-युवतियों के मकान में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मकान में छापा मारा। पुलिस ने एक युवती और तीन युवकों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की बात सामने आई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर कार्रवाई की गई है। पकड़े गए लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।