
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र के ललईपुर गांव में पैतृक भूमि विवाद ने नया मोड़ ले लिया, जहां न्यायालय के आदेश के बावजूद देर रात जेसीबी और वाहनों से पहुंचकर बाउंड्री व निर्माण तोड़ने का आरोप लगाया गया है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी संदीप निगम का कहना है कि हाईवे किनारे स्थित उनकी पैतृक भूमि पर वर्षों से बाउंड्री और गेट लगे हुए हैं, लेकिन दूसरे पक्ष द्वारा उसे अपना बताकर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। मामले में पहले तहसील स्तर पर जांच हुई, जिसमें भूमि उनके नाम पाई गई थी, जिसके बाद न्यायालय ने निर्माण की अनुमति दी थी।आरोप है कि गुरुवार रात 10 से 15 लोगों ने जेसीबी मशीन से मौके पर पहुंचकर बाउंड्री और निर्माण को ध्वस्त कर दिया और फरार हो गए। पीड़ित ने इसे न्यायालय आदेश की अवहेलना बताते हुए थाने में तहरीर दी है और उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।वहीं एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।