
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। दुर्गापूजा, दशहरा और भरत मिलाप के त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अमेठी पुलिस सतर्क हो गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को कोतवाली में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। इसमें सीओ अमेठी श्वेताभ भास्कर ने संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। बैठक में कोतवाली प्रभारी शिवकांत मिश्रा भी मौजूद रहे। सीओ ने स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। डीजे निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही बजाए जाएं। ऐसे गाने चलाने से भी बचने की हिदायत दी गई, जिनसे किसी धर्म या समुदाय की भावनाएं आहत होने की आशंका हो।पुलिस ने डीजे वाहनों पर साउंड सिस्टम को सुरक्षित तरीके से लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन का संतुलन न बिगड़े और दुर्घटना की आशंका कम हो। संचालकों से डीजे वाहन निर्धारित गति सीमा में चलाने को भी कहा गया।सीओ श्वेताभ भास्कर ने चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने संचालकों को नोटिस देकर निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा, जिससे त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनी रहे।