
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित और निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। गुणवत्ता की नियमित और आकस्मिक जांच कराई जाए, ताकि आमजन को असुविधा न हो। उन्होंने निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाले सार्वजनिक मार्गों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने तथा जल जीवन मिशन की पाइपलाइनों और विद्युत खंभों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए किसानों की अधिग्रहीत भूमि के बकाया मुआवजे का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि भुगतान संबंधी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रखे जाएं। डीएम ने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, गुणवत्ता में कमी या जनसमस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम ज्योति सिंह, अधिशासी अभियंता शैलेन्द्र कुमार, रमेश चंद्र और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।