news-details

राष्ट्रीय एकता दिवस पर डीएम ने दिलाई एकता की शपथ

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट से लेकर मेडिकल कॉलेज तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने का संकल्प लिया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व का अनुपम उदाहरण है। स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका के कारण उन्हें लौह पुरुष कहा जाता है। उनके आदर्श आज भी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी संजय चौहान मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए और उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मरीजों से अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा इलाज के दौरान होने वाली परेशानियों के बारे में भी पूछा।मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चन्द्र प्रकाश को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के साथ जरूरी दवाओं और अन्य चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता पर जोर
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं, आवश्यक उपकरणों और विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन चिकित्सा उपकरणों या सुविधाओं की कमी है, उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि आमजन को समय पर बेहतर इलाज, जरूरी दवाएं और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चन्द्र प्रकाश, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।