
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। कमरौली थाना क्षेत्र में रिसेप्शन पार्टी के दौरान हुए खूनी संघर्ष और युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक युवती समेत पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए फरसा, लाठी और बांस का डंडा भी बरामद किया गया है।जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले रिसेप्शन समारोह में डांस के दौरान बच्चे की शर्ट फटने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। मामूली कहासुनी देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट में बदल गई और मामला इतना बढ़ गया कि कई लोग घायल हो गए।गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश चौहान की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया था।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान में थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आगे की विधिक कार्रवाई कर सभी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।