
जगनायक प्रधान
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भाजपा के नवनियुक्त कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू का रविवार को पहली बार कानपुर आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए जाजमऊ से लेकर नौबस्ता स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय तक कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके स्वागत में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा।रामकिशोर साहू दोपहर करीब 12:30 बजे कानपुर पहुंचे। जाजमऊ पुल पर महापौर प्रमिला पांडेय समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद हरजिंदर नगर, श्याम नगर, यशोदा नगर और नौबस्ता में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। नौबस्ता स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने पूजा-अर्चना कर पदभार ग्रहण किया।स्वागत समारोह में कानपुर नगर, कानपुर देहात, झांसी, बांदा, चित्रकूट, ललितपुर समेत 17 जिलों से भाजपा के जिलाध्यक्ष, महामंत्री और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने रामकिशोर साहू को गदा भेंट कर सम्मानित किया।पदभार संभालने के बाद रामकिशोर साहू ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वह खुद को भाजपा का एक सामान्य कार्यकर्ता मानते हैं और संगठन को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।उन्होंने कहा कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में भाजपा ने पहले भी मजबूत प्रदर्शन किया है। अब 2027 विधानसभा चुनाव में लक्ष्य केवल जीत नहीं बल्कि सभी 52 सीटों पर विजय हासिल करना है। इसके लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाई जाएगी और संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा।रामकिशोर साहू ने भाजपा की संगठनात्मक व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। उन्होंने दावा किया कि संगठन में अलग-अलग समाजों को प्रतिनिधित्व देकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया है।सपा के पीडीए अभियान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पीडीए का प्रभाव अब खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी में परिवारवाद की राजनीति हावी है, जबकि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है।कार्यक्रम में मंत्री राकेश सचान, प्रतिभा शुक्ला, विधायक सुरेंद्र मैथानी, राहुल बच्चा सोनकर, नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, सांसद रमेश अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण ,भाजपा संस्कृति प्रकोष्ठ कानपुर दक्षिण के जिला संयोजक के.के. बाजपेयी समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

"भारतीय जनता पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उसे मैं पूरी निष्ठा से निभाऊंगा। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। जनता के आशीर्वाद से 2027 में हम ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।"
-रामकिशोर साहू,क्षेत्रीय अध्यक्ष
"रामकिशोर साहू जी के नेतृत्व में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन को और मजबूती मिलेगी। कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ बूथ स्तर पर काम करेंगे। 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिलकर जनता के बीच पहुंचेंगे और पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाएंगे।"-कानपुर दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह
"भाजपा का संगठन हमारी सबसे बड़ी ताकत है। रामकिशोर साहू जी के आने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह है। आगामी चुनाव को लेकर बूथ स्तर तक तैयारी की जाएगी। पार्टी के हर कार्यकर्ता की मेहनत से कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में भाजपा ऐतिहासिक प्रदर्शन करेगी और लक्ष्य को हासिल करेगी।"-कानपुर उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित
"रामकिशोर साहू जी के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्र में संगठन को और मजबूत किया जाएगा। हर गांव और बूथ तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ेगी। 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए पूरी टीम एकजुट होकर काम करेगी। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।"-कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान