
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री और अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले और विपक्षी नेताओं के परिजनों पर सोशल मीडिया पर हो रही अभद्र टिप्पणियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। सुल्तानपुर के शहर स्थित सभागार में आयोजित कार्यकर्ता समागम में शामिल होने आईं केंद्रीय मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि आस्था के केंद्र में चोरी की घटना बेहद गंभीर है और इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े सवाल पर अनुप्रिया पटेल ने कहा "यह प्रकरण बहुत गंभीर है। इस पर राज्य सरकार ने तुरंत संज्ञान लिया है और एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। हमारी पार्टी की तरफ से यही मांग है कि इसमें जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए। मंदिर के साथ देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। ऐसे पावन स्थल पर चोरी की घटना पूरी तरह से अक्षम्य है।"अखिलेश यादव की एक बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणियों के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने सभी राजनीतिक दलों को मर्यादा में रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा "हम सब अलग-अलग राजनीतिक दलों के लोग हो सकते हैं, लेकिन हमारी लड़ाई वैचारिक होनी चाहिए। राजनीतिक दलों को एक-दूसरे से केवल वैचारिक स्तर पर ही मुकाबला करना चाहिए। किसी का भी परिवार हो, किसी का भी बच्चा हो या किसी की भी बिटिया हो, हम सब एक समाज और परिवार का हिस्सा हैं।"उन्होंने आगे कहा कि देश या प्रदेश के किसी भी परिवार की बेटी के खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्र या अमर्यादित टिप्पणी कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने इस घटना की घोर निंदा करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज की हर बिटिया हमारी अपनी बिटिया है, और उसे राजनीतिक खींचतान का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।अनुप्रिया पटेल ने कहा कि देश के भीतर जातीय जनगणना चल रही है। उन्होंने कहा, "1931 के बाद पहली बार अलग-अलग जाति समुदायों की क्या संख्या है, इसके अधिकृत आंकड़े सरकार के पास आएंगे। जब ये आंकड़े सामने होंगे, तो सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े समुदायों के विकास के लिए नीतियां और बेहतर ढंग से निर्धारित की जा सकेंगी।"सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कोई नया प्रयोग नहीं है, ऐसा पहले भी हो चुका है और जनता इसके नतीजे देख चुकी है। उन्होंने दावा किया, "आगामी विधानसभा चुनावों में यह गठबंधन एक बार फिर चारों खाने चित होगा।