
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर मिले प्रेमी युगल के शवों के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन मृत युवक के परिजनों ने महिला के परिजनों पर हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान रेऊना थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी सुमित उर्फ उदय प्रकाश (26) के रूप में हुई है। उसके साथ मृत मिली महिला ज्योति शादीशुदा थी और दो बेटियों की मां थी। बताया गया कि करीब एक वर्ष पहले पानीपत में काम के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसके बाद ज्योति अपनी दोनों बेटियों को ससुराल में छोड़कर सुमित के साथ रहने लगी थी। दोनों पिछले एक वर्ष से किराए के मकान में साथ रह रहे थे।मंगलवार रात कानपुर-बांदा रेलवे लाइन पर घाटमपुर स्टेशन के पास दोनों के शव मिले। सूचना मिलने पर जीआरपी ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को सुमित के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जबकि महिला के परिवार का कोई सदस्य वहां नहीं पहुंचा।सुमित के भाई ब्रह्मप्रकाश ने आरोप लगाया कि घटना से पहले महिला के बहनोई और अन्य लोगों ने सुमित को जान से मारने की धमकी दी थी। उनका कहना है कि दोनों की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंके गए, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। परिजनों ने यह भी दावा किया कि महिला के परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया और धमकी भी दी।सुमित के पिता रोहित कुमार ने बताया कि परिवार ने ज्योति को बहू के रूप में स्वीकार कर लिया था। उन्होंने कहा कि यदि उसे किसी चीज की जरूरत होती तो वह मांगकर भी ले सकती थी। वहीं सुमित की मां ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले ज्योति घर से जेवर, नकदी और अनाज लेकर चली गई थी।कागजी कार्रवाई के दौरान सुमित के परिजनों ने ज्योति को अपनी बहू मानते हुए उसके पंचायतनामे में पति के स्थान पर सुमित का नाम दर्ज कराया और दोनों का अंतिम संस्कार साथ करने की इच्छा जताई।डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना प्रेमी युगल द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने की थी। हालांकि, अब परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।