
PARDARSHI VIKASH NEWS मध्य प्रदेश के पन्ना में सोशल मीडिया पर महंगे मोबाइल और लग्जरी लाइफस्टाइल की रील्स पोस्ट करना एक 19 वर्षीय युवक को भारी पड़ गया। बदमाशों ने उसे करोड़पति समझकर अपहरण कर लिया और परिवार से 10 लाख रुपये की फिरौती मांग ली। हालांकि पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सर्च अभियान चलाकर कुछ ही घंटों में युवक को सकुशल बरामद कर लिया और बाद में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि युवक की सोशल मीडिया पोस्ट देखकर उन्हें लगा था कि उसके परिवार के पास बहुत पैसा होगा और वे आसानी से फिरौती दे देंगे। मुख्य आरोपी युवक का स्कूल का दोस्त निकला, जिसने आईफोन खरीदने के बहाने उसे बुलाया और साथियों के साथ जंगल ले जाकर हथियार के बल पर बंधक बना लिया। परिवार ने डर के कारण आरोपियों के खाते में 1.48 लाख रुपये भी ट्रांसफर कर दिए थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते बैंक खाता फ्रीज करा दिया, जिससे रकम नहीं निकाली जा सकी। आरोपियों के कब्जे से देसी पिस्टल, दो कट्टे, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल दो बाइक बरामद की गई हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।