
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय ने शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के साथ मंडल में चल रही विभिन्न रेल परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभागार में हुई बैठक में अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के तहत स्टेशनों के पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।बैठक में परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई। प्रमुख मुख्य इंजीनियर ने गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।इसके बाद तुषार कान्त पाण्डेय और आशीष जैन ने राजातालाब यार्ड स्थित समपार संख्या 13 Spl पर प्रस्तावित लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) के निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थल की तकनीकी स्थिति, यातायात घनत्व, TVU स्तर और स्थानीय लोगों की आवागमन संबंधी जरूरतों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान LHS की निर्माण योजना, जल निकासी, पहुंच मार्ग, तकनीकी मानकों और रेल परिचालन की संरक्षा से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी बिंदुओं का अध्ययन कर सुरक्षित और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित LHS से स्थानीय लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिलने की उम्मीद है।