
पारदर्शी विकास न्यूज़ प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ ने रेल कर्मचारियों के उत्पादकता आधारित बोनस (पीएलबी) की सीलिंग बढ़ाकर 21 हजार रुपये करने की मांग उठाई है। संघ की आभासीय कार्यसमिति बैठक जोनल अध्यक्ष हेमंत कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में भारतीय मजदूर संघ और भारतीय रेलवे मजदूर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं पर मार्गदर्शन दिया।बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि सातवां वेतन आयोग लागू होने और आठवें वेतन आयोग की मांग के बावजूद पीएलबी बोनस का भुगतान छठे वेतन आयोग के आधार पर निर्धारित सीलिंग के अनुसार किया जा रहा है। संघ के अनुसार, 78 दिन के बोनस के नाम पर कर्मचारियों को मात्र 17,951 रुपये मिल रहे हैं। इसे देखते हुए बोनस की सीलिंग 21 हजार रुपये करने की मांग की गई।पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय रेलवे मजदूर संघ और सरकारी कर्मचारी राष्ट्रीय परिसंघ की ओर से केंद्र सरकार के वित्त मंत्री को पत्र भेजकर भी यह मांग उठाई गई है। मांग पूरी नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।बैठक में आठवें वेतन आयोग को शीघ्र लागू करने, ऑनलाइन ड्यूटी पास पर आरक्षण की सुविधा तथा कर्मचारियों की कमी के कारण हो रहे शोषण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।बैठक का संचालन महामंत्री कुन्दन कुमार सिंह ने किया। इसमें निर्भय सिंह, मनोज कुमार झा, अजय सिंह, भानु प्रताप सिंह चंदेल सहित विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य उपस्थित रहे।