
सुलतानपुर। कोतवाली नगर पुलिस ने राजस्व टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को खैंचिला गांव मोड़ के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें राहुल सिंह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, राहुल सिंह और नौशाद अली स्कॉर्पियो से आ रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। इस दौरान राहुल ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। मौके से नौशाद अली को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा तीसरे आरोपी मनोज सिंह को भी गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने राहुल के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी कब्जे में ली गई है। पूछताछ में आरोपियों ने 2 नवंबर की रात अमिलिया कला गांव में अवैध खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर हमले में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, राहुल के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट सहित 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अवैध खनन के मामले में कुल छह वाहनों को सीज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।